कृषि विज्ञान केंद्र, सिवनी के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. शेखर सिंह बघेल के मार्गदर्शन में कृषि महाविद्यालय, जबलपुर की ग्रामीण कृषि कार्यानुभव (रावे) छात्राओं ने आंवले के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आंवला कैंडी बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।कार्यक्रम के दौरान खाद्य विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. जी.के. राणा ने छात्राओं को आंवले के श्रेणीकरण, सफाई, धुलाई, उबालने, कटाई, गुठली निकालने, चीनी अथवा मसाले मिलाने, सुखाने तथा तैयार कैंडी की पैकेजिंग एवं भंडारण की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही खाद्य स्वच्छता, उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उचित पैकेजिंग एवं भंडारण के महत्व से भी अवगत कराया गया।डॉ. राणा ने बताया कि आंवला विटामिन ‘सी’, रेशे तथा विभिन्न प्रतिऑक्सीकारकों से भरपूर एक पौष्टिक फल है। इसमें कैल्शियम एवं लौह तत्व भी पाए जाते हैं। आंवले का संतुलित मात्रा में सेवन रोग प्रतिरोधक क्षमता और पाचन स्वास्थ्य को बनाए रखने में सहायक हो सकता है। इसके पोषक तत्व त्वचा एवं बालों के स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी हैं।आंवले से कैंडी, मुरब्बा, जैम, अचार सहित विभिन्न मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आंवले का बेहतर उपयोग करने के साथ ही कृषकों को अपनी उपज का अधिक मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिल सकते हैं। इसके अतिरिक्त ग्रामीण महिलाओं एवं कृषक परिवारों के लिए प्रसंस्करण आधारित स्वरोजगार तथा अतिरिक्त आय के नए अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आंवले के प्रसंस्करण की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना, स्थानीय कृषि उपज के मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसरों को बढ़ावा देना था।