जिले में फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने एवं किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम कोनियापार में निजी कस्टम हायरिंग केंद्र के हितग्राही श्री राकेश सनोडिया द्वारा मल्चर यंत्र की सहायता से मक्का के फसल अवशेषों का प्रबंधन किया जा रहा है। इस दौरान कृषि अभियांत्रिकी सिवनी के अधिकारी एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक सहित ग्राम के अन्य कृषक उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को मल्चर यंत्र की उपयोगिता एवं उसके लाभों की जानकारी दी गई।सहायक कृषि यंत्री, कृषि अभियांत्रिकी उपसंभाग सिवनी ने जानकारी देते हुए बताया कि मक्का की कटाई के बाद खेत में बचे मोटे डंठलों, पत्तियों एवं अन्य फसल अवशेषों के प्रबंधन में मल्चर एक उपयोगी कृषि यंत्र है। इसके माध्यम से फसल अवशेषों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर खेत में ही फैलाया जा सकता है। इससे फसल अवशेषों को जलाने की आवश्यकता कम होती है तथा पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।उन्होंने बताया कि मल्चर से कटे हुए फसल अवशेष खेत में सड़कर मिट्टी में जैविक पदार्थ की मात्रा बढ़ाने में सहायक होते हैं। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है। साथ ही, अवशेषों के छोटे-छोटे टुकड़ों में कटने एवं खेत में समान रूप से फैलने से आगामी फसल की जुताई तथा खेत की तैयारी करना आसान हो सकता है। खेत में फसल अवशेषों की उपस्थिति से मिट्टी की नमी बनाए रखने में भी सहायता मिलती है।कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा किसानों को फसल अवशेषों का खेत में ही उचित प्रबंधन करने तथा नरवाई जलाने के स्थान पर आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मल्चर जैसे कृषि यंत्रों का उपयोग फसल अवशेष प्रबंधन को प्रभावी बनाने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने की दिशा में उपयोगी पहल है।
खेती-किसानी
ग्राम कोनियापार में मल्चर यंत्र से फसल अवशेष प्रबंधन का प्रदर्शन, किसानों को किया जागरूक

नज़रबट्टू डेस्क · सिवनी · 16 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट


