नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी शनिवार को विधानसभा क्षेत्र रैगांव के ग्राम मांद स्थित श्याम गौशाला में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से गौमाता का पूजन एवं आराधना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने गौ-सेवा एवं पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने पशुपालकों के योगदान की सराहना करते हुए गौ-संरक्षण, संवर्धन और पशुपालन को प्रोत्साहित करने के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह का वर्चुअल माध्यम से सजीव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में पशु चिकित्सालय के उप संचालक डॉ ए पी सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी, कृष्णा पांडेय, शैलेन्द्र त्रिपाठी, साधना तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।