राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा गोवर्धन पर्व के अवसर पर इछावर तहसील के ग्राम भाऊखेड़ी में आयोजित गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जिले एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में वृंदावन ग्राम स्‍तरीय गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के अंतर्गत इछावर तहसील के ग्राम धामंदा के दो विजेता पशुपालक श्री लक्ष्‍मीचंद इटावदिया और संजय कुमार वर्मा को शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देती है। भारतीय संस्कृति के पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने के साथ ही प्रकृति एवं जीवमात्र के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर कलेक्टर श्री बालागुरू के. एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव भी उपस्थित रहीं।