मध्यप्रदेश माटीकला बोर्ड भोपाल के परिपालन में जिले के परंपरागत माटी शिल्पियों को प्रोत्साहित करने के संबंध में निर्देश जारी किये गये है। नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में परंपरागत शिल्पियों द्वारा मिट्टी की मूर्तियां, दीपक, सजावटी उत्पाद एवं मिट्टी से बने अन्य घरेलू उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इन उत्पादों को विशेष रूप से नवरात्रि एवं दीपावली जैसे त्योहारों पर बाजारों में विक्रय के लिए लाया जाता है। यह इन शिल्पियों की आजीविका का मुख्य आधार है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने संबंधित अधिकारियों को आदेशित किया है कि जिला सतना अंतर्गत परंपरागत माटी शिल्पियों को उनके माटी उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले हाट-बाजारों तथा अन्य स्थानों पर उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए तथा इन शिल्पियों से बैठक इत्यादि किसी प्रकार की कर वसूली नहीं की जाए, ताकि मिट्टी की मूर्तियों, दीपकों एवं सजावटी उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहन मिल सके।
