उज्जैन, 06 अक्टूबर। तराना तहसील के ग्राम नांदेड की श्रीमती सवित्रा बाई का विवाह एक साधारण परिवार में हुआ था। सीमित संसाधनों और ग्रामीण सामाजिक परिस्थितियों के कारण वे पहले केवल गृहस्थी तक सीमित थीं। आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत हुई। समूह से जुड़कर उन्होंने बचत की और प्रशिक्षण के माध्यम से अपना आत्मविश्वास बढ़ाया।वर्ष 2022 में सवित्रा दीदी ने स्व-सहायता समूह से ऋण लेकर गांव में किराना दुकान एवं चिकन सेंटर शुरू किया। पहले इन आवश्यकताओं के लिए ग्रामीणों को माकड़ोन जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही उचित दाम पर सामान उपलब्ध हो रहा है। इन गतिविधियों से सवित्रा दीदी को लगभग 16 हजार रुपये मासिक आय होने लगी है। वे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ स्वयं आत्मनिर्भर बनी हैं, जिससे परिवार में उनके मान-सम्मान में भी वृद्धि हुई है।





