जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर 15 नवंबर को प्रातः 11 बजे से जिला मुख्यालय स्थित मानस भवन, गांधी पार्क शिवपुरी में जिला स्तरीय ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला धार (डही) में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जनजातीय संस्कृति का प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य, निबंध प्रतियोगिताएं और विद्यार्थियों की प्रेरणादायी रैली निकाली जाएगी। इसके साथ ही कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए जाएंगे तथा विभिन्न पदों पर जनजातीय समुदाय के नवनियुक्त एवं चयनित व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।