जिले में शासन के निर्देशों के अनुरूप एवं कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े के नेतृत्व में एसडीएम भांडेर के द्वारा कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा पराली प्रबंधन के तहत बिना एसएमएस मशीन के हार्वेस्टर पर कार्यवाही करते हुए ग्राम ततारपुर में हार्वेस्टर संचालक श्री रामनरेश निरंजन एवं रोहित द्वारा हार्वेस्टर मशीन क्रमांक सीजी 24 सी 0119, एमपी 04 जेडएम 2717 को बिना एसएमएस के थाना भांडेर में रखवाया गया एवं 1000/- रूपये की चालानी कार्यवाही की गई। इसी प्रकार विकास खण्ड दतिया में पराली प्रबंधन के तहत बिना एसएमएस मशीन के हार्वेस्टर पर कार्यवाही की गई ग्राम खिरियाघोंघु में भ्रमण कर 3 हार्वेस्टर मशीनों को बिना एसएमएस के पकड़े जाने पर थाना दुरसडा में रखवाया गया। ग्राम गोविन्दपुर में शासन के नियमों के विपरीत बिना एसएमएस के दो हार्वेस्टर धान फसल की कटाई करते हुए पाये गये जिनकी कार्यवाही के दौरान हार्वेस्टर संचालकों द्वारा हार्वेस्टर को खेतों से ले गये। इस संबन्ध में कृषि विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर बड़ोनी थाने में संबन्धित हार्वेस्टर संचालकों के विरुद्ध हार्वेस्टर जप्त करने की कार्यवाही हेतु सूचना दी गई। कार्यवाही के दौरान कृषि विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे। जिले में कलेक्टर के निर्देशन में धान फसल की कटाई एवं पराली प्रबंधन हेतु बिना एसएमएस वाले हार्वेस्टर एवं संचालकों के विरूद्ध कृषि विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा सतत् एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।