कलेक्टर श्री वर्मा ने किया रक्तदान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से देश भर में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ की शुरुआत की गई है। इस अभियान का शिवपुरी जिले में भी भव्य शुभारंभ हुआ। जिला अस्पताल सहित मेडिकल कॉलेज और पिछोर करैरा में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने जिला अस्पताल में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में रक्तदान किया और अन्य युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरितकिया।

शिविर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा बलों के जवानों और आम नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री देवेंद्र जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। स्वतंत्रता से लेकर आज तक 36 देशों का सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाने वाले वे देश के पहले प्रधानमंत्री हैं।

प्रधानमंत्री जी को मिलने वाला यह सम्मान वास्तव में भारत के हर नागरिक का सम्मान है। उनके सेवा भाव से प्रेरित यह अभियान एक माह तक चलेगा, जिसकी शुरुआत इस पवित्र रक्तदान शिविर से हुई है।

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने रक्तदान के पश्चात जिले के नागरिकों को इस पावन कार्य के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, इसलिए सभी को आगे आकर इस महादान में अपनी सहभागिता दर्ज करानी चाहिए और अभियान को ऐतिहासिक बनाना चाहिए।

शिविर में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जन-कल्याणकारी और सेवा गतिविधियों को संचालित किया जाएगा। उन्होंने शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दिया' प्रज्वलित करने और अभियान में सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

चिकित्सा महाविद्यालय में डॉक्टरों व वॉलिंटियर्स का उत्साह अभियान के तहत श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय मेडिकल कॉलेज परिसर में भी रक्त दान शिविर लगा। इस शिविर के संचालन में डॉक्टरों, इंटर्न्स और वॉलिंटियर्स ने अहम भूमिका निभाई। चिकित्सा महाविद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों ने भी स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज को मानव सेवा का संदेश दिया।

पिछोर विधायक श्री प्रीतम लोधी ने किया रक्तदान पिछोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में पिछोर विधायक श्री प्रीतम लोधी ने भी सेवा के संकल्प के साथ रक्तदान किया और अन्य नागरिकों को भी आगे बढ़कर रक्तदान के लिए प्रेरित किया और कहा कि रक्तदान महादान है। यह किसी को जीवनदान दे सकता है।

करैरा में भी लगा रक्तदान शिविर सेवा के संकल्प के साप सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर शिवपुरी में करेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ रक्तदान शिविर का शुभारंभ करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक ने किया और उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी के जीवन को बचा सकता है इसलिए इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें।

विशेष कर उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस महादान के साक्षी बने और रक्तदान कर इस अभियान को ऐतिहासिक बनाएं। सीआरपीएफ, आईटीवीपी के जवानों और नागरिकों का दिखा उत्साह शिवपुरी जिला अस्पताल में आयोजित इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में सभी का सहयोग देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा सीआरपीएफ और आईटीवीपी के जवानों, अस्पताल के डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ तथा स्थानीय आम नागरिकों ने भी रक्तदान किया।

युवाओं को प्रेरित करने पहुंचे लाखन धाकड़ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रक्तदान करने पहुंचे श्री लाखन सिंह धाकड़ ने समाज सेवा का अनुपम संदेश दिया। रक्तदान करने के बाद उन्होंने जिले के युवाओं और आमजन से खास अपील करते हुए कहा, "मैंने सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल शिवपुरी में रक्तदान किया है। मैं सभी युवाओं से निवेदन करता हूं कि इस रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लें और किसी का जीवन बचाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।"