अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर की राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र एवं छात्रा इकाई के स्वयंसेवकों ने विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागिता की। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। स्वयंसेवकों ने आनंद वृद्धाश्रम में जिला आयुष चिकित्सालय द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ व्यवस्थाओं में सहयोग किया। शिविर में डॉ. आशीष पटेल, डॉ. विवेक जैन एवं स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों से संवाद भी किया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने शिवाजी वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-13 में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन’ गतिविधि में सहभागिता की। स्वयंसेवकों ने बच्चों के साथ समय बिताकर संवाद किया तथा बिस्कुट, चॉकलेट एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवधेश प्रताप सिंह एवं डॉ. प्रज्ञा दुबे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती दिशा द्विवेदी, आशा कार्यकर्ता सुषमा तिवारी, सहायिका काजल प्रजापति, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, बच्चे एवं वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे।
सफलता की कहानी



