राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में जनभागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 8 अक्‍टूबर को जोश (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) कार्यक्रम का शुभारंभ एवं टीबी मुक्त पंचायत समारोह जिला पंचायत सभागार में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। जोश कार्यक्रम के अंतर्गत जिले एवं प्रत्येक विकासखंड में जोश टीम का गठन किया गया है। इन टीमों में विशेष रूप से माय भारत वॉलिंटियर्स एवं एनसीसी कैडेट्स को शामिल किया गया है, जो वार्ड एवं ग्राम स्तर पर टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार, नई दिल्ली से होने वाले लाइव टेलीकास्ट का प्रसारण भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में टीबी मुक्त पंचायतों को उनके निरंतर प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। लगातार तीन वर्ष टीबी मुक्त रहने वाली पंचायतों को गोल्ड मेडल एवं प्रमाण-पत्र, लगातार दो वर्ष टीबी मुक्त रहने वाली पंचायतों को सिल्वर मेडल एवं प्रमाण-पत्र तथा एक वर्ष टीबी मुक्त रहने वाली पंचायतों को ब्रॉन्ज मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में टीबी उन्मूलन के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी भी दी जाएगी। इनमें निक्षय मित्र, फूड बास्केट एवं निक्षय पोषण योजना सहित अन्य प्रयासों के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में टीबी उन्मूलन के लिए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना तथा राजगढ़ जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम आगे बढ़ाना है।