यूनिसेफ के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा से बुधवार को भेंट कर जिले में बाल विवाह रोकथाम एवं किशोर सशक्तिकरण को लेकर संचालित किए जा रहे कार्यक्रमों और सकारात्मक प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की गई। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 के अनुसार, जिले में 20–24 वर्ष की महिलाओं में 18 वर्ष की आयु से पहले विवाह का अनुपात NFHS- 5 में दर्ज 46 प्रतिशत से घटकर 23 प्रतिशत रह गया है। इस अवसर पर प्रतिनिधियों द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों के लिए तैयार किया गया प्रशिक्षण मॉड्यूल एवं संदर्भ पुस्तिका कलेक्टर डॉ. मिश्रा को भेंट की गई, ताकि राजगढ़ जिले में प्रशिक्षण एवं क्षमता वर्धन के लिए इसका प्रभावी उपयोग किया जा सके। यूनिसेफ प्रतिनिधियों द्वारा कलेक्टर डॉ. मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में बाल विवाह की रोकथाम हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।