जिले के चयनित वृंदावन ग्राम नांदवेल, धुंधडका, लदुना तथा संधारा की भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों हेतु गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना का क्रियान्वयन आयोजन विकासखंड स्तर पर आगामी 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के मध्य किया जाएगा। प्रतियोगिता में दुधारू भारतीय उन्नत नस्ल की गाय को पंजीकृत किया जाएगा। जिसका दुग्ध उत्पादन प्रतिदिन 6 लीटर अथवा उससे अधिक हो साथ ही प्रतियोगिता में सम्मिलित गोवंश की यूनिक आईडी टैग से एवं उसकी समस्त जानकारी भारत पशुधन पोर्टल पर दर्ज होना अनिवार्य होगा।
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ. डामोर ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल भारतीय उन्नत नस्ल की गाय जैसे साहिवाल, गिर, मालवी, थारपारकर को सम्मिलित किया जाएगा। सनकर गाय प्रतियोगिता के लिए पात्र नहीं होगी। प्रतियोगिता के मापदंड अनुसार विकास खंडो के वृंदावन ग्राम से भारतीय उन्नत नस्ल की गायों के आवेदन प्राप्त किया जाकर चयनित हितग्राहियों के पशुओं का विकासखंड स्तरीय समिति के समक्ष तीन समय का दुग्ध उत्पादन के औसत का रिकॉर्ड किया जाएगा। एवं दुग्ध उत्पादन औसत के आधार पर प्रथम द्वितीय एवं तृतीय हितग्राहियों की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये द्वितीय, पुरस्कार 50 हजार रुपए तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपए निर्धारित है। वृंदावन ग्राम के इच्छुक पशुपालक अपनी भारतीय नस्ल की गाय का पंजीयन अपने निकट की पशु चिकित्सा संस्था पर अंतिम तिथि 27 अक्टूबर तक करा सकते हैं।
