विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवम्बर 2026 के अवसर पर जिला पुरातत्व संग्रहालय, विदिशा में विभिन्न शैक्षणिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी संग्रहाध्यक्ष, जिला पुरातत्व संग्रहालय विदिशा द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि संयुक्त संचालक, मुख्यालय भोपाल के तत्वावधान में आयोजित होने वाले विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत 19 नवम्बर 2026 को दुर्गा नगर चौराहा स्थित जिला पुरातत्व संग्रहालय में म्यूजियम वॉक एवं शैक्षणिक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होकर अपराह्न 3 बजे तक जारी रहेगा।
विश्व धरोहर सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर संग्रहालय में आगंतुकों एवं विद्यार्थियों को संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों, ऐतिहासिक महत्व की वस्तुओं तथा सांस्कृतिक विरासत की जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही धरोहर संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर दर्शकों के लिए संग्रहालय में प्रवेश एवं भ्रमण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। जिला पुरातत्व संग्रहालय द्वारा समस्त जिलेवासियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं इतिहास प्रेमियों से कार्यक्रम में सहभागिता करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को जानने एवं समझने के लिए संग्रहालय पहुंचने का आग्रह किया गया है।



