बैगा जनजाति के लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के उद्देश्य से बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत लालपुर के ग्राम तेंदूडीह में विशेष शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ कई सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराईं।शिविर में एसडीएम श्री अनिकेत शांडिल्य, जनपद सीईओ श्री नितिन भट्ट, तहसीलदार सुश्री बबीता सूर्या, बीआरसी श्री डीएस परते सहित सभी विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रामीणों की सुविधा के लिए अलग-अलग विभागों के काउंटर बनाए गए, ताकि उन्हें आवेदन और दस्तावेज संबंधी कार्यों के लिए भटकना न पड़े।शिविर में संबल योजना के तहत 23 पंजीयन किए गए और 13 लोगों के समग्र आईडी में नाम जोड़े गए। एम-राशन मित्र पोर्टल पर 26 लोगों के नाम जोड़े गए। पेंशन संबंधी 02 आवेदनों को ऑनलाइन किया गया। जाति प्रमाण पत्र के लिए 56 आवेदन प्राप्त हुए।
अधिकारियों ने बताया कि इन आवेदनों पर कार्रवाई कर एक सप्ताह के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं पूर्व में तैयार 260 जाति प्रमाण पत्रों का वितरण भी शिविर में किया गया। मौके पर 12 नए आधार कार्ड बनाए गए, जबकि 13 पुराने आधार कार्ड का अपडेशन किया गया। जन्म प्रमाण पत्र के 05 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।शिविर में 07 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए गए। इससे किसान आवश्यकता के अनुसार कृषि कार्यों के लिए सहकारी समिति से ऋण प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अलावा 12 लोगों की समग्र ई-केवाईसी और 12 लोगों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की केवाईसी की गई। विवाह पंजीयन का 01 आवेदन प्राप्त हुआ, जिसका मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। वहीं फौती नामांतरण के एक आवेदन का भी तत्काल निराकरण किया गया।
स्वास्थ्य टीम ने किया ग्रामीणों का परीक्षण, मुफ्त मिली दवाएं
शिविर में केवल दस्तावेज और योजनाओं से संबंधित सेवाएं ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर के माध्यम से प्रशासन ने बैगा जनजाति के परिवारों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया।



